Monday, March 7, 2011

गोपेश्वर में भी है बाबा अमरनाथ का हिम शिवलिंग


जम्मू-कश्मीर की तरह ही उत्तराखंड के गोपेश्वर क्षेत्र में भी बाबा अमरनाथ का वास है, जो नीति महादेव के नाम से विख्यात हैं। चीन सीमा पर स्थित अंतिम भारतीय गांव नीति में गुफा के अंदर स्थित हिम शिवलिंग का वर्षभर प्राकृतिक जलधारा से जलाभिषेक होता रहता है। बाबा अमरनाथ की भांति ही यहां गर्मियों में श्रद्धालु हिम शिवलिंग के दर्शन करने आते हैं। तिब्बत से सटे उत्तराखंड के सीमांत जिले चमोली के जोशीमठ विकासखंड में एक गांव है नीति। गांव के पास टिम्बरसैंण से लगभग आधा किमी की चढ़ाई चढ़कर नीति महादेव पहुंचा जाता है। नीति महादेव भी अमरनाथ की भांति गुफा के अंदर हैं। यहां के ग्रामीणों के आराध्य नीति महादेव में अन्य मंदिरों की भांति भगवान का शिवलिंग हैं। ग्रीष्मकाल में ग्रामीणों के अलावा भारत-तिब्बत सीमा पुलिस और भारतीय सेना के जवान यहां पूजा करने आते हैं। नीति गांव के ग्रामीण 87 वर्षीय राम सिंह राणा का कहना है कि नीति महादेव में पहले पूरे वर्ष बर्फ का शिवलिंग होता था, जो अब केवल अप्रैल तक ही दिखता है। उन्होंने कहा, ग्रामीण आज भी परंपरागत तरीके से नीति महादेव की पूजा करते आ रहे हैं। गुफा में जाने से पहले श्रद्धालुओं को पवित्र झरने में स्नान करना पड़ता है। बदरीनाथ विधान सभा क्षेत्र के विधायक और पूर्व मंत्री केदार सिंह फोनिया का कहना है कि भारत की सीमाओं पर शैवमत का बोलबाला रहा है। शायद इसी दौरान कश्मीर में अमरनाथ, हिमाचल व उत्तराखंड में भी कई शिव मंदिर स्थापित किए गए। बचपन में मैंने भी माता-पिता के साथ वहां पहुंचकर बर्फ के शिवलिंग के दर्शन किए हैं। वहीं, आईटीबीपी की आठवीं बटालियन के सहायक सेनानी नरेन्द्र सिंह टोलिया का कहना है कि नीति महादेव को भी अमरनाथ की तर्ज पर प्रोत्साहित किया जाए तो सीमा के गावों से पलायन रुकेगा और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।


No comments:

Post a Comment